रूड़ा में भव्य रामलोक मंदिर पर तहसीलदार कंडाघाट का फैसला आने के बाद अब बाबा अमरदास ने चुप्पी तोड़ी है। बाबा ने दावा किया है कि वे रूड़ा के साथ ही प्रदेश भर में चार भव्य राम मंदिरों का निर्माण करेंगे। निर्माण से पूर्व रामलोक ट्रस्ट का गठन किया जाएगा और मंदिरों पर सारी धनराशि ट्रस्ट से खर्च की जाएगी। ट्रस्ट को जो भी आय होगी उससे बेसहारा बच्चों व महिलाओं के लिए आश्रम खोले जाएंगे।
इनमें 500-500 बच्चों व महिलाओं को रहने व खाने का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका यह कदम उन लोगों के लिए करारा जवाब होगा जो रूड़ा में रामलोक मंदिर के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। ट्रस्ट गठित होने के बाद मिलने वाली आय हिमाचल को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर खर्च होगी। गौरतलब है कि रूड़ा में रामलोक मंदिर को लेकर हाल ही में तहसीलदार कंडाघाट ने एक अहम फैसला दिया है।
इसमें रामलोक मंदिर को दो बीघा व अन्य कब्जाधारकों के पास 3 बीघा व 6 बिस्वा जगह को सरकार के अधीन का फैसला सुनाया है। मंदिर के सरकार के अधीन जाने के बाद इसके विकास की संभावनाएं सरकार के पास रहेंगी। इससे पूर्व बाबा अमरदास ने मंदिर के लिए ट्रस्ट बनाकर काम करवाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर की चार अलग-अलग जगहों से उन्हें जमीन उपलब्ध करवाने के ऑफर मिले हैं।