बाजारों में राखी वाले केक की भी रही भारी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में रक्षा बंधन का त्योहार सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। शहर के मुख्य बाजारों में दिनभर खरीददारी के लिए लोगों की चहल-पहल देखने को मिली।
दोपहर 1:30 बजे के बाद भद्राकाल समाप्त होते ही बहनों ने तिलक लगाकर भाइयों की कलाई पर रेशम के धागे से बनी राखी बांधी और लंबी आयु की कामना की। भाइयों ने बहनों की रक्षा का वचन लिया। रक्षा बंधन पर्व के चलते बाजारों में हलवाइयों ने तरह-तरह की मिठाइयों की दुकानें सजा रखी थीं। दिनभर बाजार में रौनकर देखने को मिली। बहनों ने अपने छोटे भाईयों के लिए कार्टून और लाइटों वाली राखियां खरीदीं। इसके अलावा बाजार में भाई भी बहनों के लिए उपहार की खरीददारी करते दिखे। बाजारों में राखी वाले केक की भी भारी मांग रही। बेकरी की दुकानों पर तीन दिन पहले से ही राखी के लिए स्पेशल केक के ऑर्डर आना शुरू हो गए थे। इनका मूल्य 250 से 300 रुपये तक रखा गया था। इस दौरान पथ परिवहन निगम की बसों में भी महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा सरकार से दी गई। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय में महिलाओं के लिए अवकाश रहा।