भारतीय संयुक्त किसान मोर्चा सेना भर्ती की नई योजना के खिलाफ 24 जून से देशभर के जिलों में धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रम आयोजित कर विरोध जताएगा। मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने यह जानकारी दी। क्षेत्र के सनोली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर शाब्दिक प्रहार किए। कहा कि अग्निपथ देश के युवा के साथ भद्दा मजाक है। भविष्य में इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ने नए कृषि कानून तो रद्द कर दिए। लेकिन इस दौरान कई किसानों पर केस बनाए गए जोकि अभी तक वापस नहीं लिए गए। कहा कि उन केसों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सब्जी और फलों पर निजी कंपनियों ने कब्जा कर रखा है। वह किसानों को को जागरूक करने के लिए उनसे मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को सेब, धान, मक्की व गन्ना समेत फसलों की खरीद पर एमएसपी गारंटी लागू करनी चाहिए। कहा कि किसानों-बागवानों के लिए ट्रांसपोर्ट सब्सिडी देनी चाहिए। इस दौरान टिकैत ने सनोली में शहीद भगत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर गुरुद्वारा बाबा जवाहर सिंह जी में शीश नवाया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष जोरावर सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अनेंद्र सिंह नोटी, प्रदेश से एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह भिंडर, बगांणा ब्लॉक प्रधान सोहन सिंह, महासचिव इकबाल सिंह सहित कई किसान उपस्थित रहे।