सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा
- फोटो : फाइल फोटो
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस टिकट का एलान होने से पहले सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा दिल्ली से घर लौट आए हैं। राणा ने लौटते ही कार्यकर्ताओं से बैठक की और कहा कि टिकट किसी को भी मिले- हम प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करेंगे। राणा इस सीट से अपने बेटे अभिषेक राणा के लिए टिकट की पैरवी कर रहे थे। हाईकमान ने बेटे को टिकट देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद खुद राजेंद्र राणा का नाम टिकट के लिए चला लेकिन अचानक नादौन से विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू का नाम आगे हो गया। खुद सुक्खू भी कह चुके हैं कि वह हमीरपुर से चुनाव लड़ेंगे। रविवार को राणा ने अपने निवास स्थान पटलांदर में पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक में कहा कि बीते 15 वर्ष से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर इस क्षेत्र से जीत दर्ज कर रहे हैं।
लेकिन इतने वर्षों में उन्होंने क्षेत्र की कोई सुध नहीं ली। जनता अब उनसे ऊब चुकी है और उनकी हार तय है। राणा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जो योजनाएं जनहित में चलाने का वायदा किया गया है, उनका बखान करें। वहीं, केंद्र की मोदी सरकार ने जो बीते 5 वर्ष के दौरान झूठ और जुमलों की राजनीति की है, उसको भी जन-जन तक पहुंचाएं।