मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मीडिया में चल रही कुछ खबरों का खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर कांग्रेस हाईकमान को किसी भी प्रकार की कोई रिपोर्ट उन्होंने प्रस्तुत नहीं की है।
रजनी पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों ने यह गलत खबर प्रकाशित और प्रसारित की है कि हिमाचल प्रदेश की प्रभारी के तौर पर उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार को लेकर हाईकमान को रिपोर्ट सौंपी है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहती हूं कि ऐसी कोई रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है।
उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की खबर प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें। अपुष्ट जानकारी से भ्रम की स्थिति पैदा होती है, जिससे राजनीतिक माहौल भी प्रभावित हो सकता है।
हाल के दिनों में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन और सरकार को लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी बीच रजनी पाटिल के इस बयान को इन चर्चाओं पर आधिकारिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी विशेष खबर या मीडिया संस्थान का नाम नहीं लिया है।
रजनी पाटिल के इस स्पष्टीकरण के बाद अब यह साफ हो गया है कि कांग्रेस हाईकमान को हिमाचल सरकार के संबंध में किसी रिपोर्ट के सौंपे जाने की खबर सही नहीं है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस मामले में यही आधिकारिक रुख सामने आया है।