हीलिंग नाले के पास हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान चलाते स्थानीय लोग और पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
चंबा जिले के भरमौर उपमंडल की होली तहसील में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र शर्मा सरवन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी जरूरी काम से हीलिंग गए थे। देर रात अपने घर लामू लौटते समय रात करीब 11 बजे हीलिंग नाले के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बाद में पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।