भारत-पाक और आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैचों को क्रिकेट की दुनिया के सबसे रोमांचक मैचों में माना जाता है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला पर संकट के बादल छंटते नजर नहीं आ रहे हैं। हाई वोल्टेज भारत-पाक मैच के कोलकाता शिफ्ट होने और आईपीएल की मेजबानी छिनने के बाद अब आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर इंद्रदेव खलल डाल सकते हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने धर्मशाला समेत समूचे हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 18 मार्च को हिमाचल के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी है।
ऐसे में इस मैच को लेकर अभी से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। उधर, खेल प्रेमियों के साथ ही न्यूजीलैंड-आस्ट्रेलिया मैच को लेकर धर्मशाला के होटल व्यवसायी भी उम्मीद लगाए हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगर यह मैच भी न हुआ तो और भी ज्यादा नुकसान होगा।
धर्मशाला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी बांबा ने बताया कि बारिश न हो, इसके लिए वह इंद्रूनाग मंदिर में पूजा अर्चना कराएंगे। भारत-पाक और आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैचों को क्रिकेट की दुनिया के सबसे रोमांचक मैचों में माना जाता है।
मैच की अधिकतर टिकटें बिकीं
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम
- फोटो : फाइल फोटो
पहले दोनों मैच धर्मशाला की झोली में थे लेकिन स्थानीय राजनीति की भेंट चढ़ चुके भारत-पाक मैच कोलकाता शिफ्ट हो चुका है। ऐसे में एचपीसीए व धर्मशाला और उसके आसपास के व्यवसायी इस मैच के होने और भारत पाक मैच के शिफ्ट होने से हुए घाटे से उबरने की आस लगाए हुए हैं।
एचपीसीए अभी से तैयारी में जुटा
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच एचपीसीए ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। एचपीसीए के प्रवक्ता मोहित सूद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। इसकी वजह से कुछ दिक्कतें जरूर आ रही हैं।
लेकिन ग्राउंड को कवर करने और सुखाने के पर्याप्त इंतजाम कर लिए गए हैं। उम्मीद कर रहे हैं कि मैच शुरू होने और उसके दौरान बारिश न हो तो बाकी हालात से निबटने के प्रयास किए जा सकते हैं।
मैच की अधिकतर टिकटें बिकीं
जानकारों की मानें तो आस्ट्रेलिया- न्यूजीलैंड मैच पर दर्शकों के शानदार रिस्पांस मिलने की उम्मीदें हैं। इस दिन स्टेडियम के खचाखच भरे रहने की उम्मीद है, क्योंकि मैच की अधिकतर टिकटें बिक चुकी हैं। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यह मैच भी भारत-पाक के महामुकाबले से कम नहीं है। लेकिन, उन्हें बारिश का डर सता रहा है। ऐसे में मौसम विभाग की बारिश को लेकर दी गई चेतावनी फिर से क्रिकेट प्रेमियों को निराश कर सकती है।
मंगलवार को धर्मशाला पहुंचेगी आस्ट्रेलिया टीम
ऑस्ट्रेलिया
विश्वकप टी-20 के क्वालीफाइंग मैचों के बाद क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अब 18 मार्च को ग्रुप-2 का बड़ा मैच आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस हाई वोल्टेज मैच के लिए आस्ट्रेलिया की टीम के खिलाड़ी मंगलवार को धर्मशाला पहुंचेंगे।
कांगड़ा एयरपोर्ट पर आस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया जाएगा। भारत-पाक के बीच 19 मार्च को होने वाले मैच के कोलकाता शिफ्ट हो जाने के बाद विश्वकप का यह सबसे बड़ा मुकाबला धर्मशाला में खेला जाना है।
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम के 16 मार्च को धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है। 18 मार्च को होने वाला मैच दोपहर बाद 3 बजे से शुरू होगा। धर्मशाला में अपने ग्रुप-ए के क्वालिफायर मैच खेलने के बाद सोमवार को चारों टीमें बांग्लादेश, ओमान, नीदरलैंड और आयरलैंड धर्मशाला से लौट गईं। धर्मशाला में खेले गए क्वालिफायर मैचों में बांग्लादेश की टीम सबसे अधिक अंक लेकर ग्रुप-2 का हिस्सा बन गई है।