ओलावृष्टि होने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में मौसम के बदले मिजाज से ठंड बढ़ गई है। बीते एक सप्ताह के दौरान बढ़ा अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री तक घट गया है। बुधवार को रोहतांग में जहां बर्फबारी हुई वहीं शिमला में ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश में फलों और सब्जियों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है।
वीरवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। बुधवार को जिला कुल्लू के रोहतांग दर्रे पर बारिश के साथ बर्फ का दौर जारी रहा। रोहतांग में करीब छह इंच बर्फबारी हुई है। बारिश होने से कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला में कृषि कार्य पूरी तरह से ठप रहा।
ओलावृष्टि होने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। वहीं, शाम को करीब पौने सात बजे रोहतांग दर्रा छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया। मंडी की स्नोरघाटी, थुनाग, चैैहटीगढ़, गोहर में ओलावृष्टि से किसानों, बागवानों को भारी नुकसान हुआ है।
ऊपरी शिमला में भी बुधवार दोपहर को ओलावृष्टि हुई। बुधवार को शिमला का अधिकतम तापमान 21.3, सुंदरनगर का 27.5, भुंतर का 21.2, कल्पा का 13.4, धर्मशाला का 25.6, ऊना का 33.4, नाहन का 28.8 और सोलन का 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।