शिमला। राजधानी में रविवार दोपहर बाद हुई भारी बारिश के कारण टुटीकंडी-खलीणी बाईपास बंद हो गया। फागली के पास करीब तीन बजे मलबा आया और यहां पर लंबा जाम लग गया। लांग रूट की बसों को पुराने बस अड्डे से नए बस स्टैंड भेजा गया। छोटे वाहनों को भी रोक दिया गया। एनएच विभाग को जैसे ही इसकी सूचना मिली मौके पर दो जेसीबी भेजी गई और करीब पांच बजे तक सड़क को वनवे कर दिया गया। साढे़ पांच बजे तक सड़क को पूरी तरह से बहाल कर दिया लेकिन ढाई घंटे जाम के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। लोगों के मुताबिक यहां पर बने कलवर्ट और निकास नालियां ब्लॉक हो गई हैं। नाले का पानी सड़क से बह रहा है। शहर का सारा मलबा और गंदगी इसी नाले से बहती है। एनएच विभाग की मानें तो फागली के पास नाले में पूरे शहर की गंदगी के अलावा यहां पर एमसी भी डंपिंग करता है। बरसात के कारण सारा मलबा बहकर सड़क पर आ रहा है।
कलवर्ट पिछले एक महीने से ब्लाक
फागली के पास बना कलवर्ट करीब एक महीने से बंद है। एनएच विभाग ने दावा किया था कि इससे जल्द ही खोल दिया जाएगा। अभी तक इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है।
एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि फागली क्षेत्र के पास नाले में एमसी अवैध डंपिंग करता है। इस कारण बरसात में सारा मलबा सड़क पर आ जाता है और यह बंद हो जाती है।