हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रेलवे स्टेशन दौलतपुर चौक से सात मार्च से दिल्ली के लिए हिमाचल एक्सप्रेस की रेल सेवा शुरू की जाएगी। कोरोना महामारी के करीब एक साल बाद सेवा शुरू हो रही है। इससे पहले ऊना से दिल्ली के लिए जनशताब्दी, जयपुर के लिए स्पेशल ट्रेन और सहारनपुर के लिए ट्रेन चलाई जा रही है। अब सात मार्च से ऊना जिला से दिल्ली जाने वालों लोगों के लिए हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा। इसकी पुष्टि ऊना रेलवे स्टेशन मास्टर ओम प्रकाश ने की है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन से सात मार्च को रात 8:20 मिनट पर चलेगी और रात को 9 बजकर पांच मिनट पर ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। ऊना रेलवे स्टेशन से रात को 9 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होगी और सुबह पांच बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन आठ मार्च रात को 10 बजकर 50 मिनट पर दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन अंबाला कैंट, रुपनगर और नंगल से होते हुए सुबह सात बजकर 15 मिनट पर ऊना पहुंचेगी और सात बजकर 20 मिनट पर ऊना रेलवे स्टेशन से दौलतपुर चौक के लिए रवाना होगी।