हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र में जो भी उत्पाद तैयार होगा। उसकी जांच के लिए बद्दी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। हिमाचल में सुविधा उपलब्ध होने से उद्योगपतियों को राहत मिलेगी। वे आसानी से हिमाचल में तैयार उत्पाद दूसरे राज्यों में भेजे सकेंगे। यह बात केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कही।
केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि नया कानून किसान हित में है। किसानों की जमीन कोई नहीं छीन सकता है। नए कानून से किसानों को अच्छी सुविधा मुहैया होगी। किसानों को किसी भी तरह का जुर्माना नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग किसानों को गुमराह करने में लगे हैं। अगली बार उन्हें विपक्ष का नेता भी नहीं मिल सकेगा। हिमाचल में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा।
खूबसूरत चर्च ही शिमला की असली पहचान है। बाहर से चर्च जितना खूबसूरत है भीतर से भी क्या इतना ही आकर्षक है? सोमवार को रिज मैदान पर टहलने पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने चर्च का दीदार करने के बाद साथ चल रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप से यह सवाल किया।
आनन-फानन में चर्च के भीतर जाने की तैयारी होने लगी लेकिन गेट पर ताला लगा देख गोयल ने इसका कारण पूछा। बताया गया कि चर्च सिर्फ संडे को ही प्रार्थना के लिए खुलता है। इसके बाद गोयल ने चर्च के भीतर जाने से मना कर दिया।
पीयूष गोयल सिसिल में लंच के बाद पत्नी के साथ रिज मैदान पर घूमने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने अटल और गांधी की प्रतिमा को देखा। इसके बाद दौलत सिंह पार्क निहारा और चर्च का दीदार किया। रिज मैदान पर टहलते हुए गोयल ने कहा कि शिमलाप्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज है। सैलानियों को आकर्षित करने के लिए ही कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली गाड़ियों के सभी डिब्बे विस्ताडोम कोच में बदलने की योजना है।
पारदर्शी छत और बड़ी खिड़कियों से सैलानी पहाड़ों की खूबसूरती को नजदीक से अनुभव कर सकेंगे। सह मीडिया प्रभारी करण नंदा, उपायुक्त आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक मोहित चावला भी इस दौरान साथ रहे। 3:45 बजे गोयल सीटीओ चौक पहुंचे और चार बजे अनाडेल से हेलीकॉप्टर में चंडीगढ़ रवाना हो गए।