गोवा में सैलानियों के लिए चलने वाली ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ बस सेवा की तर्ज पर उत्तर रेलवे कालका और शिमला के बीच ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ रेल सेवा शुरू करने जा रहा है। यूनेस्को की ओर से वर्ल्ड हेरिटेज घोषित कालका-शिमला ट्रैक पर एक जुलाई से यह सेवा शुरू होगी। इस सेवा के तहत कालका और शिमला के बीच सैलानी एक ही टिकट पर किसी भी ट्रेन कोच में सफर कर सकेंगे। साथ ही किसी भी स्टेशन पर उतरने के बाद दोबारा किसी दूसरी ट्रेन में बैठ सकेंगे।
इस सेवा के तहत यात्रियों को सीटों की उपलब्धता के अनुसार किसी भी ट्रेन के किसी भी कोच में सफर करने की छूट मिलेगी। ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ सेवा का टिकट एक दिन, दो दिन या तीन दिन के लिए वैध होगा। जो बस पास की तरह काम करेगा। एक दिन का टिकट व्यस्कों के लिए 500 जबकि बच्चों के लिए 250 रुपये का होगा। टिकट गैर हस्तांतरणीय होंगे और इनकी बुकिंग के समय पहचान पत्र की एक प्रति जमा करानी होगी, जिसे टिकट के साथ संलग्न किया जाएगा। कालका-शिमला सेक्शन के किसी भी स्टेशन के बुकिंग कार्यालय से यह टिकट खरीदे जा सकते हैं।
सैलानी उठाएंगे सेवा का लाभ
रेलवे के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक जीएम सिंह और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंबाला हरिमोहन के निर्देशों पर एक जुलाई से यह सेवा शुरू की जा रही है। आशा है कि सैलानी रेलवे की इस सेवा का भरपूर लाभ उठाएंगे।
ये होंगी दरें
1 दिन का टिकट व्यस्क 500, बच्चा 250 रुपये
2 दिन का टिकट व्यस्क 800, बच्चा 400 रुपये
3 दिन का टिकट व्यस्क 1000, बच्चा 500 रुपये