ऊझी घाटी की रायसन साइट से सोलो पैराग्लाइडिंग करते एक युवक घायल हो गया। युवक पैराग्लाइडर उड़ाने का प्रशिक्षण ले रहा था। इस बीच, पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में युवक को टांग और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव उशलीधार (कुल्लू) निवासी खिलजी राम 26 ने प्रशिक्षण के लिए पैराग्लाइडर से सोलो उड़ान भरी। हालांकि, सोलो उड़ान ज्यादा लंबी और ऊंची नहीं होती है।
कुछ दूरी के लिए भरी गई उड़ान में पैराग्लाइडर अनियंत्रित हो गया और पैराग्लाइडर क्रैश होने के चलते युवक जमीन पर घिर गया। अन्य साथियों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। युवक की टांग और चेहरे के एक तरफ चोटें आई हैं। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि सोलो पैराग्लाइडिंग के दौरान प्रशिक्षु पायलट की घायल होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायल युवक का कुल्लू अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।