मरीजों को झेलनी पड़ रही है भारी परेशानी अब ए ब्लॉक के 300 नंबर काउंटर पर जमा होगी फीस संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के रेडियोलॉजी विभाग का टेस्ट फीस काउंटर वीरवार को बंद कर दिया गया। काउंटर बंद होने से सीटी, एमआरआई के अलावा अल्ट्रासाउंड की टेस्ट जमा करवाने आए मरीज परेशान हो रहे हैं। इन मरीजों को अब तीन मंजिला सीढि़यां चढ़कर पुराने भवन के ए ब्लॉक स्थित 300 नंबर कैश काउंटर में यह फीस जमा करवानी पड़ रही है।
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में रोजाना हजारों मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में अगर फेफड़ों में सूजन, कैंसर पेट, ह्रदय रोग की बीमारियों का पता लगाने के लिए सीटी स्कैन और जोड़ों की बीमारियों का पता करवाने के लिए एमआरआई करवाते हैं। अभी तक मरीजों की टेस्ट फीस यहीं पर बने काउंटर में काटी जाती थी जिससे मरीजों को परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब वीरवार को इस काउंटर के बंद होने के कारण मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोजाना औसतन पचास से अधिक मरीजों की टेस्ट फीस यहां पर काटी जाती है।
आईजीएमसी अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटरों की भारी कमी है। लिहाजा रेडियोलॉजी विभाग में जिस कर्मी की पूर्व में ड्यूटी लगी थी उसकी ड्यूटी इमरजेंसी और न्यू ट्राॅमा ब्लॉक में लगा दी है। प्रबंधन का तर्क है कि वहां पर ईसीजी और अल्ट्रासाउंड अधिक होते हैं। ऐसे में एक कर्मी काम नहीं संभाल पा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन का तर्क है कि पुराने भवन के साथ ही नेत्ररोग विभाग की ओपीडी है। ऐसे में मरीज यहां पर जाकर अपनी टेस्ट फीस जमा करवा सकते हैं।