चमियाना, मल्याणा और पटगैहर छात्र संगठन के सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं ने दी प्रस्तुतियां
विज्ञापन
नाटी किंग कुलदीप की प्रस्तुतियों से खूब जमा रंग संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के बहुउद्देशीय हॉल में मंगलवार को चमियाना, मल्याणा और पटगैहर छात्र संगठन के सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। युवाओं ने राचा साजना झूमका मेरे कानो रा झूमका गाने पर नाटी डाली।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मिक्स नाटी पर युवाओं के साथ दर्शकों ने डांस किया। इसके अलावा युवाओं ने पंजाबी डांस, कथक, बॉलीवुड, हॉलीवुड, राजस्थानी, पहाड़ी, सोलो सहित अन्य प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सानवी, तनवी, अपेक्षा, अक्ष्रित, अंशुल, नितिन, कृष, डिंपल, अश्मिता, राहुल, भविका सहित अन्य युवाओं ने भाग लिया।
इसके अलावा शाम चार बजे के बाद नाटी किंग कुलदीप शर्मा की प्रस्तुति कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रही। कुलदीप ने ओ निलिमा और इन्हां बड़ियां जो तुड़का लगाणा ठेकेदारणीये सहित कई गाने गाए। इस दौरान दर्शकों से भरा पूरा हॉल झूम उठा। इस अवसर पर चमियाना, मल्याना और पटगैहर छात्र संगठन के चेयरमैन राहुल ठाकुर, अध्यक्ष शीतल ठाकुर, उपाध्यक्ष देव वर्मा, कोषाध्यक्ष नीव वर्मा, महासचिव पूजा कश्यप, संयुक्त सचिव अवंतिका ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।