आदेशों के अनुसार अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रश्नपत्र का अंग्रेजी संस्करण सॉफ्ट कॉपी के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसे तीन जुलाई की सुबह तक सभी जिलों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। निर्देशों में कहा गया है कि जिला परियोजना अधिकारी अंग्रेजी माध्यम के प्रश्नपत्रों की सॉफ्ट कॉपी तुरंत सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों और संबंधित स्कूलों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को अंग्रेजी संस्करण उपलब्ध हो सके। प्रश्नपत्र पहले से हिंदी माध्यम में मुद्रित होने के कारण अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को प्रश्न समझने और उत्तर लिखने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके लिए परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया गया है। यह अतिरिक्त समय विशेष रूप से हिमाचल लोक संस्कृति एवं योग विषय की परीक्षा में लागू होगा। प्रदेश सरकार ने मौजूदा शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में छठी कक्षा तक अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू की है। ऐसे में परीक्षा के प्रश्नपत्र केवल हिंदी माध्यम में छपने को प्रशासनिक स्तर की बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि विभाग ने समय रहते अंग्रेजी संस्करण उपलब्ध कराने और अतिरिक्त समय देने का निर्णय लेकर विद्यार्थियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को कम करने का प्रयास किया है।