युवक ने पार्वती नदी में लगाई छलांग
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के सुमारोपा के पास एक व्यक्ति ने पार्वती नदी में छलांग लगा दी। उफनती नदी में बहे व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस व स्थानीय नेगी रेस्क्यू टीम जुटी है, लेकिन अभी तक उसका सुराग नहीं लगा सका है। पुलिस को घटनास्थल पर व्यक्ति का मोबाइल फोन, बैग, डायरी व जूते व अन्य सामान मिला है। स्थानीय लोगों ने व्यक्ति को नदी में छलांग लगाते हुए देखा है। जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे की है, जब एक व्यक्ति सुमारोपा में एक रेहड़ी के पास बैठा हुआ था जहां उसने चाय पी। रेहड़ी संचालक जयवंती ने पुलिस को बताया कि शाम को जब दुकान बंद की तो यह व्यक्ति वहां से उठा और पार्वती नदी की तरफ चला गया, जहां नदी किनारे उसने अपने बैग, पर्स, जूते आदि उतारे और खुद नदी में छलांग लगा दी।
जब जयवंती नदी के पास पहुंची तो उस समय तक वह डूब गया था। इसकी सूचना महिला ने पुलिस को दी। पुलिस ने व्यक्ति के समान को कब्जे में लिया, जिसमें एक डायरी थी। इसके माध्यम से उस व्यक्ति के परिजनों से संपर्क किया गया। उन्होंने व्यक्ति का नाम रणवीर सिंह (63) पुत्र अमर चंद निवासी लुधियाना बताया। शुक्रवार को पुलिस ने व्यक्ति का फोटो मंगवाया और इसकी शिनाख्त रेहड़ी चलाने वाली महिला से करवाई। पुलिस को परिजनों के आने का इंतजार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।