कृष्णानगर में 1.66 करोड़ से हो रहा है आवासों का निर्माण अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में शहरी गरीब परिवारों के लिए कृष्णानगर में बन रहे आवास जल्द तैयार किए जाएंगे। नगर निगम ने इनका काम पूरा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। करीब 1.66 करोड़ रुपये की लागत से इनका काम पूरा किया जाएगा। इसमें रंग रोगन समेत भवन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बीते कई महीने से इनका निर्माण कार्य बंद पड़ा था। नगर निगम ने अब इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कृष्णानगर में गरीब परिवारों के लिए 16 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इनका निर्माण किया जा रहा है। ये आवास उन परिवारों को मिलने हैं जिनके पास न तो अपने पक्के घर हैं और न ही जमीन है। यह अभी किराये के मकान में रह रहे हैं या फिर ढारों में रहते हैं। कृष्णानगर नाले के पास इनके लिए आवासीय भवन बनाने का काम शुरू किया गया है। इस काम को पांच साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। आपदा और भूस्खलन के चलते कई बार इसका निर्माण कार्य रुक चुका है। अब दोबारा इसका काम शुरू किया जा रहा है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने कहा कि जल्द ही इन आवासों का काम पूरा किया जाएगा। इसके लिए मौके पर काम शुरू करवाया जा रहा है।