हिमाचल लोक निर्माण विभाग को मिले 82 नए टिपर
- फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चौड़ा मैदान शिमला से लोक निर्माण विभाग के शिमला जोन के लिए 15 टिपरों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इनमें से बीएंडआरमंडल शिमला-1 के लिए एक टिपर, निरमंड तीन, रामपुर, कल्पा, रोहड़ू, जुब्बल व कोटखाई मंडल के लिए दो-दो और भावानगर के लिए एक टिपर शामिल है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि लोक निर्माण विभाग को आवश्यक मशीनरी जैसे टिपर, जेसीबी व पोकलेन की खरीद के लिए 60 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मशीनों की कमी की समस्या का हल भी हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि विभाग को और अधिक सशक्त बनाने व इसकी कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने हाल ही में 82 टिपर व 107 जेसीबी खरीदी हैं। प्रदेश सरकार ने 15 वर्ष पुराने वाहनों को सरकारी संस्थानों से हटाया जा रहा है, जिससे कि आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण सहित भारी वर्फबारी एवं अन्य आपातकालीन स्थितियों में बचाव कार्यों में तेजी लाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट नजर आती है। सुक्खू ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं में तेजी लाई है ताकि इनका लाभ प्रदेश के लोगों को समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की पहल करते हुए लोक निर्माण विभाग के तहत निविदा प्रक्रिया को सरल कर इसकी अवधि 51 दिन से घटा कर 30 दिन की है ताकि परियोजनाओं कार्यों में तेजी लाई जा सके और लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर उच्च गुणवत्ता की सड़कों के निर्माण को अधिमान दिया जा रहा है। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेंद्र पाल जगोटा, उपायुक्त अनुपम कश्यप व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।