प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नियुक्त करीब दस हजार पीटीए, पैट और पैरा शिक्षकों को नियमित शिक्षकों के बराबर वित्तीय लाभ देने का मामला कैबिनेट में जाएगा। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा पर सोमवार को होने वाले कैबिनेट बैठक में मुहर लगाई जाएगी।
वर्तमान में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 5000 अनुबंध पीटीए, 1368 लेफ्ट आउट पीटीए, 3400 पैट और 122 पैरा नियुक्त हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट भाषण में इन शिक्षकों को नियमित करने में असमर्थता जताते हुए नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन भत्ते देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि पीटीए, पैरा, पैट शिक्षकों की सेवाओं का शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कानूनी अड़चनों के चलते इन शिक्षकों को नियमित नहीं किया जा सकता है। इन शिक्षकों की वित्तीय कठिनाइयों से सरकार अवगत है।
ऐसे में सरकार ने फैसला लिया है कि अनुबंध पर नियुक्त ऐसे पीटीए, पैरा, पैट शिक्षकों जिन्होेंने पहली अक्तूबर 2018 को तीन साल की सेवा पूरी कर ली है। उन्हें पे बैंड की न्यूनतम राशि जमा ग्रेड पे और महंगाई भत्ता के बराबर राशि दी जाएगी।
शिक्षा विभाग ने इस बाबत प्रस्ताव तैयार कर प्रदेश सरकार को भेज दिया है। 25 फरवरी की बैठक में इस मामले को हरी झंडी मिलते ही वेतन बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी हो जाएगी।