समरहिल चौक पर एसएफआई ने एनटीए बर्खास्त करो के लगाए नारे
विज्ञापन
धांधली के विरोध में एनटीए अध्यक्ष का पुतला फूंका
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। नीट परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ राजधानी में छात्रों ने बुधवार को उग्र प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल में बुधवार सुबह पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन में गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक समरहिल चौक पर चक्का जाम भी किया।
इससे समरहिल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात बाधित रहा। प्रदर्शन के दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एनटीए को बर्खास्त करो और मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए। एनटीए अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) देशभर में परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाने में विफल रही है। छात्रों ने कहा कि नीट और नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक और धांधली की घटनाओं ने छात्रों का भरोसा तोड़ा है।
उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को सही तरीके से संचालित करने में असफल रही है। एसएफआई नेताओं एसएफआई के इकाई सचिव मुकेश और इकाई उपाध्यक्ष आशीष ने मांग की कि एनटीए को तुरंत भंग किया जाए और पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में उच्च स्तरीय समिति से करवाई जाए। संगठन ने शिक्षा मंत्री से भी इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को प्रदेशभर के कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों तक विस्तारित किया जाएगा। संगठन ने इसे केवल एक परीक्षा का मुद्दा न बताते हुए शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के अधिकारों से जुड़ा मामला करार दिया।