अभी शिमला ग्रामीण के अधीन है कसुम्पटी, नई तहसील बनने से राजस्व से जुड़े कामों में आएगी तेजी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कसुम्पटी को नई तहसील बनाने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेज दिया है। वर्तमान में कसुम्पटी क्षेत्र शिमला ग्रामीण क्षेत्र के तहत आता है। नए प्रस्ताव के अनुसार कसुम्पटी में मौजूदा पटवार सर्किल के अलावा चार नए पटवार सर्किल बनाए जाएंगे। दो फील्ड कानूनगो सर्किल होंगे। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि कसुम्पटी में नई तहसील बनाना आवश्यक है। इस दिशा में प्रदेश सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि शिमला ग्रामीण के तहत अभी 32 पटवार सर्किल हैं और इनके तहत आने वाला भौगोलिक क्षेत्र काफी बड़ा है। तीन विधानसभा क्षेत्र कसुम्पटी, शिमला ग्रामीण और शिमला शहरी का काफी हिस्सा इसमें आता है। ऐसे में शिमला शहर के आसपास भारी जनसंख्या, राजस्व मामलों की बढ़ती संख्या, कोर्ट मामले, फील्ड वैरिफिकेशन आदि के कारण काफी दिक्कतें पेश आती हैं। नए प्रस्ताव के अनुसार 17 पटवार सर्किल और चार फील्ड कानूनगो सर्किल होंगे। इसके तहत कुल 17,032.29 हेक्टेयर भूमि होगी और 86983 कुल खसरा नंबर होंगे। 12,080 खतौनी नंबर होंगे। इसके साथ ही इस तहसील के तहत 91924 जनसंख्या को कवर किया जाएगा।
यहां बनेंगे चार नए पटवार सर्किल
चार नए पटवार सर्किल चमियाना, रझाना, डूम्मी और जनोल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही दो फील्ड कानूनगो में कसुम्पटी/चमियाना और शोघी में प्रस्तावित हैं। नई तहसील के अधीन 83 सरकारी स्कूल, 21 पोस्ट ऑफिस, 27 बैंक ब्रांच और विभिन्न सरकारी कार्यालय आएंगे।