छात्रा से छेड़खानी मामले में आरोपी प्रोफेसर सस्पेंड
शिमला। राजधानी शिमला के राजीव गांधी महाविद्यालय की छात्रा द्वारा शिक्षक पर लगाए छेड़खानी और शारीरिक प्रताड़ना के मामले के आरोपी प्रोफेसर पर शिक्षा विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है। सचिव शिक्षा ने शिक्षक को सस्पेंड करने के मंगलवार को आदेश जारी किए। आदेशों में कॉलेज के सहायक आचार्य गणित डॉ. वीरेंद्र शर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किए जाने के आदेश दिए हैं। शिक्षक के सस्पेंड रहते हुए शिक्षा निदेशालय मुख्यालय रहेगा। आरोपी शिक्षक को मुख्यालय से बाहर जाने से पहले सचिव शिक्षा की अनुमति लेनी होगी।
कॉलेज की एक छात्रा ने दो दिसंबर को कॉलेज में शिक्षक के खिलाफ कॉलेज की शिकायत कमेटी को शिकायत दी थी। कोटशेरा कॉलेज की कमेटी ने छात्रा के बयान दर्जकर शिक्षक को अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया था। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुपम गर्ग ने छात्रा की शिकायत और इस मामले की जांच कमेटी से करवाए जाने से संबंधित सूचना शिक्षा निदेशालय को दी थी। इस पर शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई है।