प्रो. एसपी बंसल प्रदेश तकनीकी विवि को एक नए मकाम पर पहुंचाकर अब नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। केंद्रीय विवि धर्मशाला में प्रो. एसपी बंसल की कुलपति के पद पर नियुक्ति के आदेश जारी होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को तकनीकी विवि में सम्मान समारोह करवाया गया। कुलसचिव अनुपम ठाकुर ने उन्हें शॉल और टॉपी भेंट कर सम्मानित किया। प्रो. बंसल के कार्यकाल में तकनीकी विवि ने कई उपलब्धियां अर्जित की हैं।
प्रो. एसपी बंसल के विश्वविद्यालय में कुलपति के पद पर सेवाकाल के दौरान तकनीकी शिक्षा एवं गुणवत्ता प्रोग्राम (एटीयू) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि हमीरपुर को देशभर में प्रथम स्थान हासिल हुआ। विवि के पहले दीक्षांत समारोह को करवाया। सम्मान समारोह के मौके पर अधिष्ठाता प्रो. कुलभूषण चंदेल, अधिष्ठाता फार्मेसी प्रो. राजेंद्र गुलेरिया, अधिष्ठाता अभियांत्रिकी प्रो. धीरेंद्र शर्मा, उपकुलसचिव संजीवन मनकोटिया, वित्त अधिकारी उत्तम पटियाल इस दौरान मौजूद रहे।
पांचवें विवि में कुलपति का पदभार संभालेंगे प्रो. बंसल
प्रो. एसपी बंसल महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय बद्दी के संस्थापक कुलपति के अलावा इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय हरियाणा, बीपीएस महिला विश्वविद्यालय रेवाड़ी के कुलपति रहे हैं। तकनीकी विवि हमीरपुर के बाद अब केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ऐसा पांचवां विवि होगा, जहां प्रो एसपी बंसल बतौर कुलपति पदभार संभालेंगे।
केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम जमीन होने के बाद अब सत्य प्रकाश बंसल की तैनाती के बाद सीयू परिसर के निर्माण की उम्मीदें हैं। सीयू के कई विभागों में स्टाफ की भी कमी है। ऐसे में उनके समक्ष भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाकर स्टाफ की कमी को दूर करने की चुनौती होगी। 2020 में प्रोफेसर बंसल की नियुक्ति तकनीकी विश्वविद्यालय में बतौर कुलपति एक वर्ष के लिए की गई थी। जून 2021 में राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी बंसल को आगामी एक साल के लिए दोबारा से कुलपति नियुक्त किया था। 2019 में सीयू के कुलपति डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री का कार्यकाल पूरा हो गया था।
इसी बीच कोरोना महामारी के चलते केंद्र सरकार ने उन्हें एक साल की एक्सटेंशन दी थी। 2021 की शुरुआत में डॉ. अग्निहोत्री ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के डॉ. रोशन लाल शर्मा को कार्यकारी कुलपति का कार्यभार सौंपा गया था। उन्हें अब कार्यकारी कुलपति के कार्यभार से मुक्त कर दिया जाएगा। महात्मा गांधी केंद्रीय विवि मोतिहारी बिहार में सेवाएं दे रहे प्रो. संजीव कुमार, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में सेवारत प्रो. टीएन सिंह, हिमाचल प्रदेश विवि शिमला में सेवारत प्रो. शशि धीमान और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि हमीरपुर में सेवाएं दे रहे कुलपति प्रो. बंसल सहित पांच के नाम पैनल में शामिल थे, जो केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला का कुलपति बनने की दौड़ में थे।