हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का कार्यकाल बुधवार को समाप्त हो गया। अब प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र चौहान को कार्यवाहक कुलपति का जिम्मा सौंपा गया है। इस संबंध में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आदेश जारी किए हैं। इससे प्रो. वाजपेयी को सेवा विस्तार मिलने की अटकलों को भी विराम लग गया है।
बुधवार को राजभवन से जारी आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होंगे। कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी पदभार मुक्त हो गए हैं। प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान वीरवार को कुलपति पद की जिम्मेदारी संभाल लेंगे। विश्वविद्यालय में प्रो. एडीएन वाजपेयी ने छह साल तक कुलपति पद पर सेवाएं दीं।
उन्होंने बुधवार को अपने कार्यकाल की विवि कार्यकारी परिषद की अंतिम बैठक की अध्यक्षता की। उनके कार्यालय में बधाई देने वालों और मिलने वालों की भीड़ लगी रही। प्रति कुलपति को भी आदेश मिलने के बाद कर्मचारी और अधिकारी बधाई देने के लिए उमड़ पड़े। इनमेें कर्मचारी, अधिकारी संघों के नेता और अधिकारी शामिल थे।