शिमला जिले के इंडोर स्टेडियम दत्तनगर में बुधवार रात द किंग ऑफ द हिमालयन रिंग टाइटल फाइट में देश के कई प्रोफेशनल बॉक्सरों ने भाग लिया। हिमाचल के जितेंद्र कुमार और हरियाणा के शुभम को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। बुशहर बॉक्सिंग क्लब रामपुर और द हिमालयन किंग प्रमोशन हाउस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के मुकाबले देर रात तक चले। अलग-अलग भार वर्गों में हिमाचल के मान ने अनुज को, विनाक्षी ने पंजाब की महक प्रीत को, दीपा ने पंजाब की पूनम को हराया। मणिपुर के जनदीव ने हरियाणा के मोनू कुमार, जम्मू के दीपक कटोच ने हिमाचल के चंद्र मोहन, हरियाणा के दीपक कुमार ने अजय कुमार, हरियाणा के तुषार ने अरुणाचल के दीकसन, हरियाणा के विकास ने मणिपुर के बिकाशा और मिजोरम के वनलाले कावलफिरा ने पंजाब के हरविंद्र सिंह को पराजित किया।