प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने दूसरे घर हिमाचल में विधानसभा चुनावों से दूरी बना ली है। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम गायब है। इससे यह तय है कि प्रियंका उत्तर प्रदेश की तरह हिमाचल में भी कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं करेंगी। प्रियंका शिमला के मशोबरा में घर बना रही हैं।
वे अपनी मां सोनिया गांधी के साथ यहां कई बार आ चुकी हैं। गृह प्रवेश के बाद उनका यहां रहने का मन है। प्रदेश कांग्रेस को उम्मीद थी कि शिमला में घर होने के चलते उनका हिमाचल से विशेष लगाव रहेगा।
भले ही कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में सोनिया, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जैसे कई बड़े नाम हैं, लेकिन प्रियंका गांधी के प्रचार और भाषण का अलग ही अंदाज है।
इसी शैली के चलते पार्टी में उनकी खासी डिमांड रहती है। उन्होंने रायबरेली और अमेठी में पार्टी की ओर से चुनाव प्रचार की कमान संभालकर नरेंद्र मोदी पर अपने चिर-परिचित अंदाज में हमला बोला था।
मीडिया से बातचीत में स्मृति ईरानी के सवाल पर वे कौन स्मृति कहकर चर्चा का विषय बन गई थीं। हिमाचल में भी कई नेता उनकी रैली और रोड शो कराने के लिए प्रयासरत रहते हैं, लेकिन इस बार भी प्रियंका वाड्रा हिमाचल में प्रचार करती नहीं दिखेंगी।
यूपी चुनाव में भी नहीं आईं थी नजर
इससे पहले यूपी चुनावों के दौरान भी प्रियंका स्टार प्रचारक नहीं थीं। चुनावों के दौरान भी पार्टी के एक धड़े ने खुलकर प्रियंका को प्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान सौंपने की हिमायत की थी।
कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रियंका को प्रचार में उतारने के लिए बैनर, पोस्टर तक लगवा दिए, लेकिन पोस्टर, बैनरों को दरकिनार कर पार्टी ने पूरा फोकस राहुल गांधी पर ही रखा था। हालांकि, रायबरेली और अमेठी में वे प्रचार करने जरूर उतरी थीं।
जमीन खरीदने से जुड़ा था हिमाचल कनेक्शन
कुछ साल पहले शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट के नजदीक जमीन खरीदने के बाद प्रियंका वाड्रा का हिमाचल कनेक्शन सामने आया था। इस जमीन पर उनका आलीशान मकान निर्माणाधीन है। इस जमीन को खरीदने को लेकर खासा विवाद भी उठा था।
एक आरटीआई कार्यकर्ता के आवेदन पर जिले के अधिकारियों के सूचना देने से इंकार करने पर मामला हाईकोर्ट तक गया। आरटीआई कार्यकर्ता जमीन आवंटन के खिलाफ हाईकोर्ट तक गया जहां अब भी मामले की सुनवाई चल रही है।