कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी
- फोटो : ANI
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि सोलन के बाद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्रों में भी रैलियां करेंगी। भारत जोड़ो यात्रा से कुछ समय निकालकर राहुल गांधी को भी प्रदेश में प्रचार के लिए बुलाया जाएगा। संजय दत्त ने कहा कि हिमाचल के मुद्दों पर चुनाव लड़ने से भाजपा भाग रही है। बीते पांच वर्षों में सरकार प्रदेश का विकास करने में नाकाम रही है। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही 2014 और 2019 की तरह प्रधानमंत्री को जुमलेबाजी के लिए बार-बार बुलाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर जाने वालों को गद्दार की संज्ञा भी दी। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता में संजय दत्त ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता को देना चाहिए। भाजपा ने बीते चुनावों में जनता से जो वादे किए थे, उनका क्या किया? इस पर बात होनी चाहिए। मुख्यमंत्री भांप गए हैं कि हिमाचल से अब उनकी सरकार की विदाई तय है।
ऐसे में अब उन्हें सिर्फ प्रधानमंत्री का सहारा बचा है। कहा कि केंद्र में सत्तासीन मोदी सरकार ने आठ वर्षों में हिमाचल को कुछ नहीं दिया। अब चुनाव नजदीक आते ही मोदी सरकार को हिमाचल की याद रही है और वह चुनावी घोषणाएं कर रहे हैं। हिमाचल में सरकारी पैसों पर हो रही भाजपा की चुनावी रैलियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा पहली बार देखा गया है कि कोई सरकार सरकारी कार्यक्रम को पार्टी कार्यक्रम में बदल रही है। सरकारी कार्यक्रम स्थलों के आसपास भाजपा के झंडे ही नजर आते हैं। जयराम सरकार हिमाचल को कर्ज में डुबाने का काम कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि हिमाचल चुनावी दहलीज पर है। भाजपा सरकार हिमाचल की जनता के पैसों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल ला रही है। यह पैसा हिमाचल के विकास पर खर्च करने के बजाय चुनावी रैलियों पर बहाया जा रहा है।
शिमला से सड़क मार्ग से होते हुए सोलन रैली के लिए जाएंगी प्रियंका
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी 14 अक्तूबर को सोलन में होने वाले परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली के लिए शिमला से सड़क मार्ग से होते हुए जाएंगी। प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के प्रचार का शंखनाद करने के लिए हो रही रैली में शिमला संसदीय क्षेत्र से लोगों को रैली में लाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने कहा कि 14 अक्तूबर को सोलन में हो रही कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली ऐतिहासिक होगी। प्रियंका रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनावों के लिए जोश भरेंगी। रैली के बाद प्रदेश भर में कांग्रेस अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव अभियान में डट जाएगी। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बुधवार को सोलन में रैली स्थल का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फ्लाप रहे प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरे: प्रतिभा
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की 14 अक्तूबर को सोलन में होने वाली रैली को लेकर कांग्रेस नेता सोलन में हैं। वीरवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी सोलन पहुंचीं। उन्होंने ठोडो मैदान का दौरा कर रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ विधायक धनीराम शांडिल, जिलाध्यक्ष शिव कुमार समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जितने भी दौरे हिमाचल में हुए हैं, वे सभी फ्लाप साबित हुए हैं। हिमाचल की जनता को प्रधानमंत्री के दौरों से खासी उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। प्रतिभा ने कहा कि 14 अक्तूबर को सोलन में होने वाली परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली हिमाचल में परिवर्तन की शुरुआत करेंगी। रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खासा उत्साह है।