प्रियंका गांधी वाड्रा वीरवार देर शाम शिमला पहुंचीं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से कुछ देरी पर प्रियंका सड़क मार्ग से चंडीगढ़ से होते हुए शिमला पहुंचीं। वह शिमला के होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में ठहरी हैं। शुक्रवार को प्रियंका गांधी वाड्रा छराबड़ा में निर्माणाधीन मकान के पास लगाए जा रहे सेब बगीचे की रूपरेखा तैयार करवाएंगी और यहां पर सेब के कुछ पौधे खुद भी रोपेंगी।
प्रियंका वीरवार शाम लगभग आठ बजे शिमला पहुंचीं। सूत्रों ने बताया कि प्रियंका के नए बनाए जा रहे मकान के वास्तुकार भी उनके साथ शिमला आए हैं। प्रियंका छराबड़ा में दो दिन तक ठहर सकती हैं। शुक्रवार सुबह वे अपने निर्माणाधीन मकान के बाहर आंगन में सेब के कुछ पौधे रोपकर अपने बगीचे की नींव रख सकती हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रियंका ने बगीचा तैयार करने के लिए सेब के लगभग दो सौ पौधे भी मंगवा लिए हैं।
इन्हें निर्माणाधीन मकान के इर्द-गिर्द तैयार किए जा रहे बगीचे में रोपा जा रहा है। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा के मकान की छत भी लगभग तैयार है। इसमें प्रियंका काली स्लेट लगवा रही हैं। स्लेटों की व्यवस्था भी कर ली गई है। माना जा रहा है कि उनका नया मकान चैत्र नवरात्र तक तैयार किया जा रहा है। प्रियंका शुक्रवार देर शाम को या फिर शनिवार को नई दिल्ली लौट सकती हैं।