हादसे में घायलों और मृतकों के परिजनों को फौरी राहत जारी
मृतकों के परिजनों को आनी उपमंडल प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि वितरित की गई। तहसीलदार आनी भीम सिंह नेगी की अगुआई में प्रशासन ने राहत राशि बांटी। हादसे में चालक दीनानाथ पुत्र भूतेश्वर गांव बाउरी करसोग, केशव राम पुत्र कांशी राम गांव टिप्पर आनी और गुलशन पुत्र सुरेश कुमार गांव कटोली आनी की माैत हो गई। अन्य सभी सवारियों में से कुछ को गंभीर और कुछ को सामान्य चोटें आई हैं
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान में योगदान दिया। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल आनी लाया गया, जहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। तहसीलदार आनी भीम सिंह नेगी ने कहा कि प्रशासन ने हादसे की सचूना मिलते ही घटनास्थल का रुख किया। सभी विभागों के समन्वय से बस में सवार लोगों को सड़क तक पहुंचाकर अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में मारे गए लोगों को फौरी राहत प्रदान की गई है। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने कहा कि सुबह करीब 11 बजे हादसे के सूचना मिली थी। इसके बाद टीम माैके के लिए रवाना हुई। माैके पर पहुंचने पर अधिकतर घायलों को स्थानीय लोगों ने गाड़ियों से अस्पताल भेज दिया था। बाकि घायलों को एंबुलेंस व अन्य गाड़ियों से अस्पताल भेजा गया। बस सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी।
हादसे के कारणों की होगी जांच
हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। बस में बैठी कुछ सवारियों के मुताबिकचालक श्वाड़ में बस में कुछ खराबी के चलते मरम्मत कार्य करना चाहता था, लेकिन किन्हीं कारणों से श्वाड़ में बस की मरम्मत नहीं हो पाई। ऐसे में कई सवाल खडे़ हो गए हैं कि यदि बस तकनीकी तौर पर दुरुस्त नहीं थी तो इतनी बड़ी लापरवाही क्यों की गई। हालांकि, पुलिस इस बात पर पुष्ट नहीं है, जिसकी तकनीकी जांच भी की जाएगी।
वहीं, आनी दुर्घटना में घायल लोगों से मिलने के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आईजीएमसी पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हाल जानकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने सभी घायलों का उचित उपचार हेतु डॉक्टरों और आईजीएमसी प्रशासन को निर्देश दिए।
बता दें कि आनी में हुए एक्सीडेंट में घायल 22 लोग आईजीएमसी पहुंचे हैं। कुल 27 लोग आने हैं। जिनमें कि चार रामपुर से भी पहुंच रहे हैं। वे देर रात अस्पताल आएंगे।