हिमाचल की मॉडल सेंट्रल जेल नाहन से फरार सजायाफ्ता कैदी को पुलिस ने कुल्लू में उसके घर से दबोच लिया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 10 साल की सजा काट रहा यह कैदी पांच जून को फरार हो गया था। सिरमौर और कुल्लू पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसे वापस नाहन जेल लाया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुल्लू जिले के गांव टंडी बंजार के निवासी हरि लाल को दस साल की जेल हुई थी। जेल परिसर में कैदियों को कई काम दिए जाते हैं। कुछ कैदी जेल में तैयार उत्पादों को बेचने के लिए नाहन बाजार भेजा जाता है जबकि कई कैदियों को कुछ और काम दिए गए हैं।
इसी तरह से हरि लाल को हिंदू आश्रम की सफाई का काम सौंपा गया था। रोज की तरह हरिलाल पांच जून को सफाई के लिए गया लेकिन शाम को नहीं लौटा। कैदी के फरार होने से सकते में आए जेल प्रशासन ने पहले अपने स्तर पर तलाश और छानबीन की, फिर बाद में सात जून को पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी।
शुक्रवार को सिरमौर और कुल्लू पुलिस की टीम ने फरार कैदी के गांव में दबिश दी। कैदी आखिरकार घर से पकड़ा गया। एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने कहा कि जेल अधीक्षक ने कैदी के फरार होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने फरार कैदी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है जिसे वापस जेल लाया जा रहा है।