राष्ट्रपति चुनाव के लिए 68 विधायकों और एक कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला में वोट डाला। यह चुनाव हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के डॉ. यशवंत सिंह परमार पुस्तकालय सभागार में हुए। चुनाव के लिए भाजपा विधायक जिया लाल, नरेंद्र ठाकुर और अरुण कूका भाजपा के पोलिंग एजेंट बनाए गए। कांग्रेस से विधायक आशीष बुटेल, हर्षवर्द्धन चौहान और नंद लाल को पोलिंग एजेंट बनाया गया।
भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया सोमवार सुबह 10:00 बजे शुरू की। यह शाम 5:00 बजे तक चली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा विधायकों में से अधिकतर ने दोपहर से पहले ही वोट डाल दिए थे। कांग्रेस विधायक दल भी करीब 11:30 बजे एक साथ वोट डालने गया। मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह भी इनके साथ मतदान करने गईं। बाकी सांसदों ने नई दिल्ली में मतदान किया। भाजपा विधायकों ने द्रोपदी मुर्मू और कांग्रेस विधायकों ने यशवंत सिन्हा केे पक्ष में मतदान करने की बात कही।
पौने 11 बजे वोट डालने आए अनिल शर्मा और चुपचाप चले गए
मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा पौने 11 बजे वोट डालने आए और चुपचाप चले भी गए। वह पिछले दिनों चंडीगढ़ में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लेने नहीं पहुंचे।
जैसे राष्ट्रपति चुनाव बैलेट पेपर पर हुए, वैसे ही विधानसभा चुनाव हों : रामलाल
नयनादेवी के कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर ने मांग उठाई कि जैसे राष्ट्रपति चुनाव बैलेट पेपर पर हुए, वैसे ही विधानसभा चुनाव भी हों। संसद के चुनाव भी ऐसे ही होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लूटपाट नहीं होनी चाहिए। मशीनों की जहां मर्जी फिक्सिंग कर लो, वोट वहीं पड़ेंगे। पूरे हिंदुस्तान में क्या हुआ है।
मंत्री बिक्रम सिंह ने किया राणा से मजाक, आप तो भाजपा के मूल कार्यकर्ता
चुनाव के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हल्का-फुल्का मजाक भी चला रहा। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा की ओर हंसकर चुटकी की - आप तो भाजपा के मूल कार्यकर्ता हो। यह मालूम रहे कि राजेंद्र राणा कभी भाजपा से भी जुडे़ थे। बाद में निर्दलीय चुनाव जीतकर आए तो वीरभद्र उन्हें कांग्रेस में लाए थे।