छह जिलों के सांस्कृतिक दल देंगे प्रस्तुतियां, फाइन आर्ट काॅलेज के विद्यार्थी करेंगे कथक-फोक नृत्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में सात मई को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति हिमाचली संस्कृति से रूबरू होंगी। छह जिलों के सांस्कृतिक दल प्रस्तुतियां देंगे। इसमें किन्नौर, लाहौल स्पिति, कुल्लू, मंडी, चंबा और सिरमौर के दल शामिल हैं। मंडी जिले से मांडव्य कला मंच, सिरमौर से चुड़ेश्वर लोकनृत्य सांस्कृतिक मंडल राजगढ़, किन्नौर से देवी दुर्गा सांस्कृतिक क्लब, चंबा से सरस्वती लोककला संगम, कुल्लू से सूर्य सांस्कृतिक दल बनोगी, लाहुल स्पीति से लायूल सुर संगम दल प्रस्तुतियां देंगे। सभी दल अपने क्षेत्रों की पारंपरिक वेषभूषा में प्रस्तुतियां देंगे। भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. पंकज ललित ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में फाइन आर्ट कॉलेज और बाल आश्रम के करीब 150 विद्यार्थी शामिल होंगे। सांस्कृतिक दलों के अलावा फाइन आर्ट काॅलेज के विद्यार्थी कथक और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।
गेयटी थियेटर के प्रबंधक सुदर्शन शर्मा ने बताया कि गेयटी थियेटर में रंग-रोगन सहित सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। राष्ट्रपति सात मई को मालरोड की सैर करेंगी। 6 बजे से गेयटी में समारोह में शामिल होंगी। बैठने के लिए राजभवन से विशेष कुर्सी की व्यवस्था रहेगी। राष्ट्रपति करीब 45 मिनट गेयटी थियेटर में रुकेंगी।
इनसेट
पास होने पर ही मिलेगा प्रवेश
राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए गेयटी थियेटर में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश मिलेगा, जिनका एंट्री पास बना होगा। इसके अलावा अन्य लोगों को कार्यक्रम के दौरान गेयटी थियेटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कॉलेज और बाल आश्रम के विद्यार्थी जो कार्यक्रम में आएंगे उनके पास बना दिए गए हैं।