सेपु बड़ी, लिंगड़ी की सब्जी और किन्नौरी राजमाह मसाला ने मेहमानों का दिल जीत लिया, साथ ही खीरा-पुदीना रायता, विभिन्न सलाद और मल्टीग्रेन, मिस्सी, नान और तंदूरी रोटियां भी परोसी गईं। डेजर्ट में मखाना खीर, चुकंदर का हलवा, आइसक्रीम और ताजे फलों की पेशकश की गई। खासकर चुकंदर के हलवे को राष्ट्रपति के साथ आए अतिथियों ने खूब पसंद किया। करीब 150 वीआईपी मेहमानों के लिए तैयार इस विशेष मेन्यू के अलावा लगभग 200 अन्य अतिथियों के लिए भी अलग से भोजन की व्यवस्था की गई थी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हुईं।
लोकभवन भोज में ये रहे मौजूद
राष्ट्रपति शाम करीब 7:00बजे लोक भवन पहुंचीं। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। लोकभवन के आदित्य कक्ष में राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर ने राष्ट्रपति को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने राज्यपाल के परिवार के सदस्यों से भी आत्मीय बातचीत की। इसके बाद दरबार हॉल में आयोजित राज्य भोज में शामिल हुईं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनीराम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति ने शिमला की रिमझिम बारिश में रिट्रीट में ही फरमाया आराम
राष्ट्रपति ने मंगलवार को राजधानी शिमला की रिमझिम बारिश के बीच अपने अधिकारिक निवास रिट्रीट में ही आराम फरमाया। छराबड़ा के जंगल में बसे निवास में ठंडी हवाओं के बीच राष्ट्रपति ने अपने निवास के प्रांगण में ही सैर की। बुधवार सुबह राष्ट्रपति शिमला से अटल टनल रोहतांग के लिए रवाना होंगी। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता भी रोहतांग जाएंगे। शाम को राष्ट्रपति शिमला लौट आएंगी।