हिमाचल प्रदेश के किडनी रोगियों को अपने जिले से बाहर इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य सरकार ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में डायलिसिस सेवाओं का विस्तार करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत मंथन किया। हिमाचल के सभी 69 आदर्श अस्पतालों में चरणबद्ध तरीके से डायलिसिस सेंटर स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में यह सुविधा मुख्य रूप से सरकारी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध है, जिसके कारण दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को नियमित डायलिसिस के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।