कांगड़ा के ज्वालामुखी स्थित ऐतिहासिक ज्वालाजी मंदिर में 27 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण अष्टमी मेलों की तैयारियों तेज हो गई हैं। मंदिर प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है।
मां ज्वाला देवी का दरबार रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजना शुरू हो गया है। नवरात्र में मंदिर के गर्भ गृह में नारियल ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया गया है। खराब मौसम के बावजूद कड़ी तैयारियां चल रही हैं।
मंदिर कर्मचारियों, मेला ड्यूटी पर अस्थायी कर्मचारियों, पुजारियों और मेला ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कन्या पूजन स्थल और मुंडन स्थल का विशेष रूप से प्रबंध किया है।
नवरात्र में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा और पीने के पानी की श्रद्धालुओं के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। श्रावण अष्टमी नवरात्र में ज्वालाजी की सुरक्षा के मद्देनजर 16 सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम से चप्पे चप्पे तक नजर रहेगी।
पुलिस चौकियां स्थापित
सहायक मंदिर आयुक्त विनय कुमार का कहना है कि नादौन, कांगड़ा, देहरा मार्ग पर पुलिस की चौकियां स्थापित की हैं। हर वाहन की चेकिंग कर पार्किंग में वाहन लगाकर बेहतर व्यवस्था की जाएगी। शहर में सड़क के दोनों किनारों पर वाहन लगाने पर प्रतिबंध रहेगा।