भाजपा के सीएम उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल ने घुमारवीं के दधोल में चुनावी जनसभा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुड़िया प्रकरण, होशियार सिंह मामला और कुल्लू में नाबालिग से दुराचार और हत्या से प्रदेश शर्मसार हो गया है।
दोषियों को पकड़ने के बजाय पुलिस उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। सीबीआई जांच के बाद आईजी समेत आठ पुलिस वाले जेल में बंद हैं। धूमल ने कहा कि आज आम आदमी कांग्रेस सरकार से दुखी है।
हर कोई चाह रहा है कि 9 नवंबर जल्द आए ताकि भाजपा की सरकार बन सके। धूमल ने कहा कि बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं और 4-9-14 के नाम पर कर्मचारियों को ठगा गया। रूसा लगाकर कॉलेज विद्यार्थियों से गलत किया। भाजपा सरकार बनते ही रूसा सिस्टम को खत्म किया जाएगा।
धूमल ने कहा कि आज महात्मा गांधी के नाम को भी बदनाम कर दिया गया। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को अटल स्कूल वर्दी के तहत हर साल दो वर्दियां और सौ-सौ रुपये सिलाई का देना शुरू किया था। लेकिन कांग्रेस ने इस योजना का नाम बदलकर महात्मा गांधी योजना रख दिया।
लेकिन महात्मा गांधी योजना नाम रखने के बाद भी बच्चों को वर्दियां नहीं मिल पा रही हैं। सिलाई के नाम पर कहा गया कि पैसा ही नहीं है। धूमल ने कहा कि सड़कों की हालत दयनीय है। पता ही नहीं चलता कि सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे पर सड़क। आज हर वर्ग कांग्रेस से दुखी है।
यहां तक कि रामपुर में ही मुख्यमंत्री का विरोध हो रहा है। धूमल ने कहा कि पीएम मोदी ने प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये का लाभ दिया है। लेकिन प्रदेश सरकार आम आदमी पर कर्जे का बोझ डाल रही है। धूमल ने इस दौरान भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग को जिताने का आह्वान किया।