भाजपा नेता व पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हिमाचल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रदेश में जंगलराज चरम पर है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेशभर में आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि से देवभूमि अपराध भूमि में तब्दील होती जा रही है।
सामाजिक एवं आपराधिक तत्वों को राजनैतिक संरक्षण के चलते पुलिस प्रशासन माफि यों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गया है। योग्य व ईमानदार अधिकारी निरीह और लाचार होकर बिगड़ती कानून व्यवस्था को चुपचाप देख रहे हैं और हाथ बंधे होने की वजह से कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
धूमल ने कहा कि हत्या, बलात्कार और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे संगीन अपराधों के आंकड़ों में दोगुनी से ज्यादा वृद्धि ने प्रदेश की छवि को कलंकित कर दिया है। मनाली में विदेशी महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं, मंडी गोलीकांड, धर्मशाला का कथित रेप कांड, सीमाई क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से आम हिमाचली के जीवन को असुरक्षित कर दिया है।