प्रथम संस्था ने बीते साल यह सर्वेक्षण 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पढ़ने, गणित करने की बुनियादी क्षमताओं का पता लगाने के लिए किया था। संस्था ने देश के 24 राज्यों के 28 जिलों को सर्वेक्षण के लिए चुना था। इसमें हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा को शामिल किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक 14 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं से तीन अंकों वाली संख्या को एक अंक से भाग करने को कहा गया। इसमें 58.4 फीसदी युवा ही भाग के सवाल को सही तरीके से हल कर पाए। शेष युवा इस सवाल का जवाब तक नहीं दे सके।
इसके अलावा 20 फीसदी युवा रुपयों को गिनती करने में भी फेल हो गए। सर्वेक्षण करने वाली संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया है कि सर्वेक्षण में शामिल किए गए 92 फीसदी युवा जमा दो या कॉलेज में पढ़ रहे हैं।
सर्वेक्षण के दौरान सामने आया कि जिला कांगड़ा के 14 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के अधिकांश युवा इंटरनेट, लैपटॉप और एटीएम का प्रयोग करने में भी पिछड़ गए हैं। सवाल पूछा गया था कि क्या पिछले सप्ताह में मोबाइल फोन का प्रयोग किया है?
74.2 फीसदी युवाओं ने इसका जवाब हां में दिया। इंटरनेट प्रयोग को लेकर पूछे सवाल में 44.5 फीसदी युवाओं ने जवाब न दिया। इसी तरह लैपटॉप नहीं प्रयोग करने वालों की संख्या 52.5 फीसदी और एटीएम कार्ड प्रयोग न करने वालों की संख्या 80.6 फीसदी सामने आई।