खेल परिसर में शिमला आयोजित जिला स्तरीय स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर पाया सम्मान
विज्ञापन
महापौर सुरेंद्र चौहान ने विजेताओं को किया सम्मानित संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर में शिमला जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुषों और महिलाओं के एकल और युगल के फाइनल मुकाबले सोमवार को हुए।
सुबह 11:00 बजे शुरू हुए मुकाबले देर शाम तक चले। महिलाओं के एकल मुकाबलों में प्रग्या वर्मा विजेता रही। उन्होंने यशिका समरा को सीधे सेटों में 21-11, 21-15 से पराजित किया। युगल में यक्षिता समरा और ईवा जोगटा ने प्रग्या वर्मा और पाखी को हराया। पुरुषों के एकल मुकाबले में पार्थिव ने अमन कुमार को 23-21, 21-17 से सीधे सेटों में पराजित किया। युगल में करन नेगी और समक्ष धाल्टा की टीम ने हिमांशु परमार और पार्थिव को 21-16, 22-2 के अंतर से हराया। हालांकि दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मिक्स डबल में समक्ष और यक्षिता की टीम विजेता रही।
दूसरी ओर आयु वर्ग-17 में लड़कों के एकल मुकाबले में विश्वजीत सिंह विजेता रहे और हर्षवर्धन उपविजेता बने। युगल में विश्वजीत और विराट विजेता और हर्ष तथा विकेश की टीम उपविजेता बनीं। लड़कियों के आयु वर्ग-17 के एकल मुकाबले में रितिका शर्मा ने तनवी को 15-21, 21-15, 21-07 के अंतर से सीधे सेटों में पराजित किया। युगल में तनवी और सोनाक्षी ने रितिका और शगुन को 21-17, 17- 21, 21-18 से हराया। मिक्स डबल में ईवा जोगटा और हर्षवर्धन ने आशीष और आन्या जैन को 21-08, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 युगल में यक्षिता समरा और ईवा जोगटा विजेता रही। उपविजेता तनवी और रितिका की जोड़ी बनीं। लड़कों के इसी वर्ग के एकल में प्रियांश भारद्वाज विजेता और श्रविक गांगटा उपविजेता रहे। युगल में हर्षवर्धन और परनीत की जोड़ी विजेता बनीं। दक्ष और श्रविक की जोड़ी उपविजेता रहीं। कार्यक्रम में महापौर सुरेंद्र चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेताओं को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बैडमिंटन कोच सन्नी पापटा, सुमित, बलवंत झौटा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।