हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग ने राज्य मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्त के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 फरवरी से शुरू हो गई है और आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 मार्च को रात्रि 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, इससे पूर्व 12 जनवरी 2026 को भी आवेदन आमंत्रित किए गए थे। हालांकि, राज्य सूचना आयोग के कार्यालय को शिमला से कांगड़ा जिले के धर्मशाला में स्थानांतरित किए जाने के नीतिगत निर्णय के चलते सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(5) एवं (6) के प्रावधानों के अनुरूप अब नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त सार्वजनिक जीवन में प्रतिष्ठित व्यक्ति होने चाहिए।