आईजीएमसी शिमला व टांडा मेडिकल कॉलेज से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम पूरा करने वाले 55 चिकित्सा अधिकारियों(जीडीओ) की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा 43 चिकित्सा अधिकारियों(सामान्य विंग) को पदोन्नत कर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर(बीएमओ) बनाया गया है।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पीजी करके लौटे 55 चिकित्सा अधिकारियों (जीडीओ) को स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। यह यह डॉक्टर अस्पतालों में बतौर विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को इनकी तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा सरकार ने 43 चिकित्सा अधिकारियों को ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) बनाया गया है। इनकी तैनाती के आदेश अलग से जारी होंगे। विशेष सचिव स्वास्थ्य सुमित खिमटा ने बताया कि इनकी तैनाती से अस्पतालों में डॉक्टरों की अधिकांश कमी पूरी हो जाएगी। जिला कांगड़ा को 12 विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा शिमला 11, कुल्लू तीन, सोलन चार, हमीरपुर तीन, बिलासपुर तीन, ऊना दो, सिरमौर पांच, लाहौल- स्पीति तीन, किन्नौर एक, चंबा तीन, और जिला मंडी को पांच विशेषज्ञ डॉक्टर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है यह मेडिकल ऑफिसर (जीडीओ) विभिन्न विभागों में इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज शिमला (आईजीएमसी) और टांडा मेडिकल कॉलेज से पीजी करके लौटे हैं। इसके अलावा सरकार ने 26 ग्रेड टू लैब तकनीशियन को ग्रेड वन बनाया है। विशेष सचिव स्वास्थ्य सुमित खिमटा ने बताया कि 55 विशेषज्ञ डॉक्टरों को एक सप्ताह के भीतर संस्थान में ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा गया है। इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए कहा गया है। नए पदोन्नत ब्लॉक मेडिकल अफसरों को 15600- 39100 के पे बैंड के साथ 7600 ग्रेड पे व नियमों के तहत संशोधित एनपीए का लाभ दिया जाएगा।