घासफूस का घर, फिर भी बख्शो का परिवार बीपीएल और आईआरडीपी में नहीं आता है। इस पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर सरकार का गरीबी मापने का पैमाना क्या है? इस कोटे में न आने के कारण यह परिवार तो राशन डिपो में मिलने वाले सस्ते राशन से भी वंचित है।
वहीं, बख्शो की मां और नाना को वृद्धा पेंशन भी नहीं मिलती है। बख्शो के हुनर से लेकर अभावों में जी रहे उसके परिवार को लेकर सरकारी योजनाओं की अनदेखी पर ‘अमर उजाला’ के अभियान से सरकार जागी है। ओबीसी वर्ग से संबंधित इस परिवार के पास रहने के लिए एक अदद छत तक नहीं है।
हैरत की बात तो यह है कि यह परिवार न तो बीपीएल में है और न ही आईआरडीपी में। बख्शो उसकी मां, तीन बहनें और एक भाई अपने नाना के झोपड़ीनुमा घर में रहते हैं। प्रशासन अब नाना की वार्षिक आय की पड़ताल करेगा। इसी बीच 80 साल के हो चुके बुजुर्ग नाना दाताराम को भी वृद्धावस्था पेंशन नहीं लगी है। इससे साबित होता है कि सरकारी योजनाएं जरूरतमंदों से कोसों दूर हैं।
जांच के लिए बख्शो के घर पहुंची सरकारी टीम
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पहल के बाद विभागीय आदेशों पर सहायक लोकसंपर्क अधिकारी ऊना राजेश कुमार जसवाल बख्शो के घर पहुंचे। योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ को लेकर पड़ताल की और इसकी जानकारी जुटाई। बताया कि सरकार के आदेशों पर इसकी रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी।
बताते चलें कि करीब नौ साल पहले केंद्रीय आवास योजना में बख्शो के परिवार को 15 हजार रुपये की एक किस्त मिली थी। इससे एक कमरा बनाया था, बाकी लेंटर ग्रामीणों के सहयोग से डाला गया था। उधर, पंचायत सचिव सुनील कुमार ने कहा कि वह पंचायत चुनाव ड्यूटी में हैं। वापस आते ही परिवार को मिलने वाली योजनाओं से संबंधित कागजातों की जांच करेंगे।
बख्शो से मिले संत गजानंद
सोलन स्थित जटोली शिवमंदिर के संत गजानंद ने बुधवार को बख्शो के घर पहुंचकर उससे मुलाकात की। उन्होंने बख्शो की आर्थिक मदद करने के अलावा उसे किडनी की समस्या से संबंधित आयुर्वेदिक उपचार सुझाया। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘अमर उजाला’ के माध्यम से बख्शो के बारे में मालूम हुआ और वह उससे मिलने पहुंचे।
बख्शो की मां को मिलेगी विधवा पेंशन
बख्शो देवी के परिवार को अब एक अदद छत के अलावा उसकी मां को विधवा पेंशन भी मिलेगी। ईसपुर पंचायत के प्रधान संजय पाठक ने विमला देवी को विधवा पेंशन की अनुशंसा करने के लिए फार्म भरवा दिए हैं। बख्शो के पिता पवन कुमार की नौ वर्ष पूर्व काम के दौरान मौत हो गई थी।