मुख्यमंत्री बनने के बाद धर्मशाला स्टेडियम में आईपीएल के बाद अब आईसीसी वर्ल्ड कप मैच हो रहे हैं। आईपीएल में सुक्खू मैच देखने नहीं आ पाए थे। अब आईसीसी वर्ल्ड कप मैच का एचपीसीए का निमंत्रण सुक्खू ने स्वीकार कर लिया है। इससे पहले धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा भी लंबे अरसे बाद आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के साथ वनडे मैच देखने स्टेडियम आए थे। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू 22 अक्तूबर को धर्मशाला में भारत-न्यूजीलैंड का मैच देखने आएंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री भी होंगे। सीएम का रात्रि विश्राम धर्मशाला में ही होगा।
क्रिकेट को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आर-पार की लड़ाई रही। लेकिन, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के धूमल परिवार के साथ सियासी संबंध शालीन रहे। कांगड़ा आने पर वह पूर्व सीएम शांता कुमार से मिले। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बेटे की शादी में पूरी कैबिनेट के साथ शरीक हुए। जी 20 के सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले।
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल के सियासी युग के बाद पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने बदले की राजनीति को खत्म करने की शुरुआत की थी। सरकार बदलने पर विपक्ष के नेताओं पर केस करने वाली बदले की राजनीति पर जयराम ठाकुर ने विराम लगाया था। अब सुक्खू भी व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर नई राजनीति की परिभाषा गढ़ रहे हैं।