महापौर सत्या कौंडल ने सीटीओ चौक से स्कूटियों को दिखाई हरी झंडी
महिला पुलिस कर्मी, बॉडी वॉन कैमरे से होंगी लेंस
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करेंगी पुलिस कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी शिमला में अब महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस जवान वीरांगना ऑन व्हील्स स्कूटी पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करती नजर आएंगी। शनिवार को नगर निगम मेयर सत्या कौंडल ने स्कूटियों पर तैनात महिला जवान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शिमला पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। शिकायत करने थाने न आने पर महिला जवान खुद उनकी लोकेशन पर पहुंचकर उनकी शिकायत सुनेंगी।
वीरांगना ऑन व्हील्स योजना के तहत जिलेभर के थानों को 20 स्कूटियां प्रदान की हैं। इसके अलावा शहर के थानों को 6 मॉडिफाई स्कूटियां दी गई है। इसमें जीपीएस सिस्टम के साथ महिला जवान बॉडी वॉन कैमरे से लेस होगी। स्कूटी में वॉकी-टॉकी सेट को कंट्रोल रूम से जोड़ा है। स्कूटियों पर आगे-पीछे से नीली एवं लाल बत्ती सायरन के साथ लगी होगी। कहीं से भी महिला से संबंधित शिकायत मिलने पर महिला पुलिस जवान सीधे मौके पर पहुंच कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा कॉलेज, स्कूल, बस स्टैंड सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्कूटी सवार महिला पुलिस कर्मी विशेष ध्यान रखेगी कि छात्राओं और महिलाओं से कोई मनचले छेड़छाड़ तो नहीं कर रहे हैं। इससे पहले शहर में रफ्तार स्क्वायड के जवान भी मोटरसाइकिल पर ट्रैफिक नियंत्रण करने में लगे हैं। अब शहर की भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्कूटियों पर पुलिस महिला जवान आसानी से पहुंच पाएंगी।
पुलिस महकमे ने पूरी की सीएम की घोषणा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में हर थाने और चौकियों में महिला हेल्प डेस्क बनाने की घोषणा की थी। पुलिस महकमे ने सीएम की घोषणा को अमलीजामा पहना दिया है। योजना को पूरा करने के लिए शिमला पुलिस की महिला जवानों को पिछले महीने से प्रशिक्षण दिया जा रहा था। यह कार्य एसपी मोहित चावला के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि स्कूटियां मिलने के बाद महिलाओं की सुरक्षा और इनसे जुड़े मुद्दों को निपटाने में और गति आएगी।