परिजनों को बिना बताए चली गईं थीं घर से
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुई दो बालिकाओं को पुलिस ने सुरक्षित ढूंढ लिया है। दोनों मामलों में शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी।
बालिकाओं के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। रामपुर थाना क्षेत्र में बालिका के लापता होने की शिकायत पर 26 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने बालिका की तलाश के लिए अभियान चलाया। पुलिस को सफलता तब मिली, जब बालिका को कुल्लू जिले की आनी तहसील के टांडी से सुरक्षित ढूंढ लिया गया। जांच में सामने आया कि बालिका घर से बिना बताए चली गई थी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
इसी तरह न्यू शिमला थाना क्षेत्र में भी एक बालिका के लापता होने का मामला सामने आया। 25 अगस्त को परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों को जांच का आधार बनाया। इसके आधार पर शिमला और सोलन सहित विभिन्न स्थानों पर बालिका की तलाश की गई। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी और जांच जारी रखी। दो दिन की लगातार कार्रवाई के बाद वीरवार रात बालिका को न्यू शिमला क्षेत्र से ही सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि न्यू शिमला से बरामद बालिका घर से बिना बताए चली गई थी। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।