कुत्तों के भय से घर से निकलना हुआ मुश्किल भराड़ी वार्ड के दुधली में झुंड में घूम रहे हैं 30 से 35 कुत्ते
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पंचायत भोंट के दुधली वार्ड में लावारिस कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। दो दिन के भीतर कुत्तों ने क्षेत्र के चार लोगों को काट लिया है। लगातार हो रहे हमलों से स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में 30 से 35 कुत्तों का झुंड एक साथ घूमता रहता है। लव कपरेट, नरेंद्र और मोहन लाल ने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो इन कुत्तों के भय से लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। बीते वीरवार को शंभू शर्मा को कुत्तों ने काट लिया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से संबंधित विभाग के सहयोग से कुत्तों को शीघ्र पकड़वाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं। पंचायत भोंट के प्रधान बन्नी ठाकुर ने बताया कि लोगों ने आवारा कुत्तों को लेकर पंचायत में शिकायत की है। इस संबंध में वन विभाग से मामला उठाया जाएगा। वहीं दुधली से सटे नगर निगम के भराड़ी वार्ड में भी यह कुत्ते घूमते रहते हैं। यह मामला नगर निगम के समक्ष भी उठाया गया है। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि भराड़ी वार्ड में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए टीम भेजी जाएगी।