सोना-चांदी लूटने पवित्र कमरुनाग झील में घुसे शातिर।
- फोटो : संवाद
बड़ादेव कमरुनाग मंदिर की पावन झील की सुरक्षा में तैनात चौकीदारों को बंधक बनाकर चोरी करने के प्रयास पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। 13 अगस्त को अमर उजाला ने पवित्र कमरुनाग झील में लाठियां लेकर सोने-चांदी से भरी झील में लूट के मकसद से शातिरों के घुसने का खुलासा किया था।
खबर प्रकाशित होने के कुछ घंटों बाद मामला विधानसभा सत्र में गूंजा। सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने मामला उठाया। इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जांच के आदेश दिए।
शनिवार को पुलिस ने मंदिर परिसर में जाकर पूछताछ की और चौकीदारों के बयान कलमबद्ध किए। देर रात देवता के कटवाल काहन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 342, 379, 511,34 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।
कमरुनाग देवता के कटवाल ने शिकायत दी है कि बीते 11 अगस्त को मंदिर के चौकीदार ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि 7 अगस्त को देर रात लगभग 2:00 बजे तीन अज्ञात लोगों ने मंदिर के बाहर लगे ग्रिल में ताला लगाकर डंडों की मदद से झील में चढ़ाए गए गहनों को चुराने का प्रयत्न किया।
उन्होंने शिकायत में बताया कि चौकीदार ढमेश्वर ने अपने मोबाइल से झील में घुसे लोगों की वीडियो बनाई। काहन सिंह ने बताया कि मंदिर का दानपत्र सुरक्षित है। झील से कुछ संपत्ति चोर चुराकर ले गए हैं या नहीं, इसकी चौकीदारों को कोई जानकारी नहीं है।