शिमला। कोरोना कर्फ्यू के बीच राजधानी में हो रही शराब की बिक्री ने प्रशासन और पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद संजौली में वीरवार को शराब तो पकड़ ली, लेकिन जिस ठेके से यह बेची गई थी, उस पर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
भाजपा के मनोनीत पार्षद एवं शिकायतकर्ता राजेंद्र चौहान ने कहा कि यह ठेका रिटायर पुलिस अधिकारी का है। इसलिए पुलिस कार्रवाई से बच रही है। पार्षद का कहना है कि कर्फ्यू के बीच शराब बेचे जाने की सूचना उन्हें मिली थी। इसके बाद स्थानीय पार्षद किमी सूद को इसकी सूचना दी। स्थानीय पार्षद ने पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी शिकायत दी जिसके बाद मौके पर रेड पड़ी।
मौके पर आधा दर्जन शराब की पेटियां पकड़ी गईं। पार्षद का कहना है कि सेवानिवृत्त अधिकारी का यह ठेका कर्फ्यू के बीच भी खुला है। कई दिन से इसकी शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन पुलिस या आबकारी विभाग इसके संचालक पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। संजौली पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है।
आबकारी विभाग का तर्क, यह पुलिस का मामला
आबकारी एवं कराधान विभाग ने अभी ठेका मालिक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। जिला आबकारी अधिकारी इंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ही इस मामले की जांच कर रही है। विभाग की ओर से अभी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।