नेपाल से रोहड़ू लेकर जा रहा था नशे की सप्लाई, शोघी के पास बस से पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिमला। राजधानी में पुलिस टीम ने पंजाब रोडवेज की बस में दबिश देकर एक नेपाली से 1.979 किलोग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी की पहचान गिरीराज (24) पुत्र प्रेम बहादुर निवासी नेपाल के तौर पर हुई है। पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नेपाल के एक तस्कर ने उसे अफीम की सप्लाई रोहड़ू पहुंचाने के लिए दस हजार रुपये दिए थे। पुलिस के मुताबिक एसआईयू टीम ने शोघी बैरियर पर तलाशी के दौरान यह कार्रवाई की है। एसआईयू प्रभारी अंबीलाल राणा के नेतृत्व में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शोघी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। इस बीच सोलन से आ रही सिरसा-चंडीगढ़-शिमला रूट की बस को तलाशी के लिए रोका। टीम के सदस्य राहुल, ललित, जोगेश्वर, भुवनेश, धीरज और सुनील ने बस में तलाशी शुरू की तो सीट नंबर 19 पर बैठे युवक से अफीम बरामद हुई। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी कब से नशे के धंधे में जुड़ा है और इसके संपर्क में कौन-कौन लोग शामिल है। बालुगंज थाना में इसे लेकर मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल में डेढ़ लाख रुपये बढ़ जाती है अफीम की कीमत
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नेपाल में एक किलो अफीम की कीमत 50 हजार रुपये है। हिमाचल में एक किलो अफीम ढाई लाख रुपये मिलती है। ड्रग डीलर एक तोला अफीम को 2500 रुपये तक में बेचते हैं।